कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके की दादी का महाराष्ट्र के संतुक पिंपरी स्थित उनके पैतृक गांव में निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थीं। इस बीच, अभिजीत दिपके दिल्ली में पुलिस हिरासत में हैं और उनके गांव पहुंचने को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। जानकारी के मुताबिक, दिपके मुंबई से दिल्ली में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जानी थी। बताया गया है कि अभिजीत दीपके की दादी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं। उन्होंने अपने पैतृक गांव संतुक पिंपरी में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर के बाद परिवार में शोक का माहौल है। दीपके के माता-पिता हिंगोली जाने की तैयारी कर रहे हैं, जबकि अभिजीत फिलहाल दिल्ली में हैं।
दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं अभिजीत दीपके
सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पहुंचने पर एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया था। वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन में भाग लेने के लिए दिल्ली आए थे। दादी के निधन के बाद उनके परिवार और समर्थकों की नजर इस बात पर है कि वह अपने पैतृक गांव कब पहुंच सकेंगे। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि दिल्ली पुलिस उन्हें गांव जाने की अनुमति कब देगी।
एक ओर परिवार दादी के निधन के बाद अंतिम संस्कार से जुड़ी तैयारियों में जुटा है, वहीं दूसरी ओर दीपके की हिरासत को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है। अभिजीत दीपके को कब छोड़ा जाएगा और वह अपने परिवार के पास कब पहुंच पाएंगे, इस बारे में अभी कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

