Friday, October 16

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई प्रेस सचिव केटी जकारिया इन दिनों अपनी योग्यता को लेकर विवादों में हैं। खुद को वकील बताने वाली जकारिया के पास कानून की डिग्री तो है, लेकिन अब तक ऐसा कोई रिकॉर्ड सामने नहीं आया है, जिससे साबित हो कि उन्होंने अमेरिका के किसी राज्य में वकालत का लाइसेंस हासिल किया है। चीन की एक लॉ फर्म में काम करने के उनके दावे पर भी सवाल उठ रहे हैं।

ट्रंप के सामने सवाल, जवाब अधूरा
मंगलवार को पहली बार प्रेस सचिव के तौर पर मीडिया के सामने आईं जकारिया को अपने प्रदर्शन के लिए आलोचना झेलनी पड़ी। इसके बाद पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा कि उन्होंने किस राज्य में वकालत की परीक्षा पास की है। ट्रंप ने जवाब देने के लिए जकारिया को आगे कर दिया। उन्होंने कहना शुरू किया, ‘जब मैं चीन गई थी…’ लेकिन मरीन वन हेलीकॉप्टर की आवाज के कारण उनकी बात पूरी तरह सुनाई नहीं दी। यह भी साफ नहीं हो सका कि वह आगे क्या कहना चाहती थीं। जकारिया ने 2007 में पेपरडाइन यूनिवर्सिटी से स्नातक और 2011 में पेपरडाइन कारुसो स्कूल ऑफ लॉ से कानून की डिग्री हासिल की थी। हालांकि, कानून की डिग्री होना और वकालत का लाइसेंस मिलना अलग-अलग बातें हैं। व्हाइट हाउस ने उनके बयान के हवाले से कहा कि उन्होंने सभी जरूरी योग्यताओं के साथ अंतरराष्ट्रीय लेनदेन से जुड़े कानून के क्षेत्र में काम किया है। व्हाइट हाउस के संचार निदेशक स्टीवन चेउंग ने भी उनका बचाव करते हुए उन्हें बेहद योग्य और तेज दिमाग वाला बताया।

चीन की लॉ फर्म में भी किया काम
जकारिया की लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, वह जून 2026 से ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप में वरिष्ठ संचार सलाहकार थीं। इससे पहले वह अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग में भी काम कर चुकी हैं। उनकी प्रोफाइल में 2011 से 2013 के बीच बीजिंग की झोंग लुन लॉ फर्म में अंतरराष्ट्रीय कानूनी मामलों से जुड़े काम का जिक्र है। इसके अलावा, वह प्रवासी मजदूरों के बच्चों के लिए काम करने वाले संगठन और कैलिफोर्निया के एक राजनीतिक संगठन से भी जुड़ी रही हैं। उनके पुराने परिचय में विश्व बैंक और इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन से जुड़े मामलों में कानूनी सलाह देने के अनुभव का भी दावा किया गया है।
कैलिफोर्निया स्टेट बार के प्रवक्ता के मुताबिक, संस्था के पास केट शेरोन जकारिया या केट शेरोन ब्लैक नाम से वकालत का लाइसेंस होने का कोई रिकॉर्ड नहीं है। स्वतंत्र मीडिया संस्थान पॉपुलर इन्फॉर्मेशन ने भी दावा किया कि अमेरिका के सभी 50 राज्यों और वॉशिंगटन डीसी में उनके लाइसेंस का रिकॉर्ड नहीं मिला। इसके बाद निगरानी संगठन कैंपेन फॉर अकाउंटेबिलिटी ने कैलिफोर्निया स्टेट बार में शिकायत देकर मामले की जांच की मांग की। संगठन का कहना है कि बिना लाइसेंस के खुद को वकील बताना कानून का उल्लंघन हो सकता है। फिलहाल, स्टेट बार ने गोपनीयता नियमों का हवाला देते हुए शिकायत या जांच की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में जकारिया की पेशेवर योग्यता पर विवाद बना हुआ है।

Share.
Exit mobile version