Monday, October 12

अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम के टूटने के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। इस बीच इस्राइली प्रधानमंत्री के ताजा बयान से हालात और बिगड़ सकते हैं। दरअसल इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान को धमकी देते हुए कहा है कि ‘युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है’ और इस्राइल हर स्थिति से निपटने की तैयारी कर रहा है। गुरुवार को इस्राइल के हत्जेरिम एयर बेस पर आयोजित इस्राइली वायुसेना के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि देश की हवाई श्रेष्ठता बनाए रखना उसकी राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति का आधार है। उन्होंने कहा कि भले ही ईरान को हाल के घटनाक्रम में भारी झटका लगा हो, लेकिन खतरे अभी भी बरकरार हैं।
ईरान को झटका लगा, लेकिन खतरा बरकरार
स्थानीय मीडिया के अनुसार नेतन्याहू ने कहा, ‘ईरानी शासन को करारा झटका लगा है और हमारी नीति साफ है कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होंगे, चाहे कोई समझौता हो या न हो। अगर हमने कार्रवाई नहीं की होती तो ईरान परमाणु हथियार हासिल कर चुका होता। युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है और हमारे सामने नई चुनौतियां उभर रही हैं।’ नेतन्याहू का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने ईरान के साथ युद्धविराम को खत्म बताया था और ईरान के साथ आगे की कूटनीतिक वार्ता को समय की बर्बादी करार दिया था।  अमेरिका का आरोप है कि ईरान ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाकर युद्धविराम समझौते का उल्लंघन किया है। इसके बाद अमेरिका ने ईरान के 80 से अधिक ठिकानों पर हवाई हमले किए और ईरान पर फिर से तेल निर्यात प्रतिबंध लगा दिए। इसके जवाब में ईरान ने भी बहरीन और कुवैत स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले किए। इस्राइली प्रधानमंत्री के बयान के साथ ही इस्राइली सेना के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर ने भी कहा कि तेहरान के खिलाफ सैन्य अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है और सेना नई रणनीतिक योजनाएं तैयार कर रही है। उन्होंने कहा, ‘हमारे सामने अभी कई बड़े सैन्य अभियान बाकी हैं।’ इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने कहा कि अगर हालात की मांग हुई तो ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू करने के लिए रक्षा तंत्र पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि इस्राइल अपनी हवाई बढ़त बनाए रखने और क्षेत्रीय खतरों को खत्म करने के लिए पूरी तरह सतर्क है।

Share.
Exit mobile version