हम सभी नए वर्ष 2026 में प्रवेश कर चुके हैं और हमारी सबसे बड़ी चुनौती अपनी बदलती जीवनशैली और खान-पान की गलत आदतों को सुधारना है। आज के समय में बहुत से लोगों को ‘पैकेट बंद’ और ‘प्रोसेस्ड फूड’ खाना पसंद है, जो स्वाद में तो अच्छे लगते हैं लेकिन धीरे-धीरे शरीर को खोखला कर रहे होते हैं। हैरानी की बात यह है कि बहुत से लोगों को मालूम है कि प्रोसेस्ड फूड खाने से संपूर्ण स्वास्थय पर नकारात्मक असर पड़ता है, लेकिन फिर भी वो इसके स्वाद के इतने मूरीद हैं कि वो खुद को इसके सेवन से रोक नहीं पाते हैं। इसलिए आने वाले नए साल में आइए ये संकल्प लेते हैं कि प्रोसेस्ड फूड का सेवन बहुत कम कर देंगे या सीमित कर देंगे। अब ऐसा नहीं है कि ये बहुत कठिन है, इसके लिए आप प्रोसेस्ड फूड्स के बजाय कुछ हेल्दी चीजों का सेवन कर सकते हैं। जब आप प्रोसेस्ड विकल्प छोड़कर प्राकृतिक चीजें चुनते हैं, तो मात्र 30 दिनों में आपकी त्वचा, एनर्जी लेवल और पाचन तंत्र में बड़े बदलाव महसूस होने लगते हैं। आइए इस लेख में इसी के बारे में विस्तार से जानते हैं।
मैदा और रिफाइंड अनाज की जगह ‘मिलेट्स’ चुनें
सफेद ब्रेड, पास्ता और बिस्कुट जैसे प्रोसेस्ड अनाज की जगह इस साल मोटा अनाज जैसे बाजरा, रागी, और ज्वार को शामिल करें। रिफाइंड अनाज से फाइबर निकल जाता है, जबकि मिलेट्स फाइबर और सूक्ष्म पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। यह न केवल आपके शुगर लेवल को स्थिर रखते हैं बल्कि लंबे समय तक पेट भरा होने का अहसास भी कराते हैं, जिससे आप बेवजह खाने से बच जाते हैं।
ताजे फल और ‘होल फ्रूट्स’ अपनाएं
बाजार में मिलने वाले डिब्बाबंद जूस में केवल ‘लिक्विड शुगर’ होती है, जिसमें फल के गुण न के बराबर होते हैं। इसकी जगह सीधे ताजे मौसमी फल खाने की आदत डालें। फल खाने से आपको जरूरी फाइबर मिलता है जो पाचन के लिए अनिवार्य है। यदि प्यास लगे तो पैकेट बंद ड्रिंक्स के बजाय नारियल पानी या घर पर बना नींबू पानी पिएं, जो शरीर को प्राकृतिक रूप से हाइड्रेट करते हैं।


