भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए उन पर समाज में विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया है। दुबे ने कहा कि सभी लोग सोनिया गांधी के बेहतर स्वास्थ्य की कामना करते हैं और उन्हें दुनिया के सर्वोत्तम डॉक्टरों से इलाज मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का अस्तित्व आज भी काफी हद तक सोनिया गांधी की वजह से बना हुआ है।
भाजपा सांसद ने राहुल गांधी के एक हालिया बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने लोगों से अस्पतालों में डॉक्टरों की जाति पूछने की बात कही थी। दुबे ने कहा कि राहुल गांधी ने अपोलो अस्पताल में जाकर पूछने को कहा है कि कौन सा डॉक्टर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग का है? दुबे ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे जीवन में कभी भी किसी डॉक्टर से उसकी जाति नहीं पूछी। दुबे के मुताबिक, इस तरह के बयान देश के आम लोगों को भड़काने और समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश हैं। निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे देश को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं और विदेशी एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं।

